सिंगार में 19 वर्षीय बीए के छात्र ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर दी जानबीमारी से परेशान होने की बात आई सामने, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गुरसराय (झांसी)। गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगार में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय बीए के छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। बताया गया कि युवक ने घर के अंदर कमरे में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल का पुत्र लव पटेल बीए का छात्र था। रविवार सुबह करीब 10 बजे उसने घर के अंदर एक कमरे में पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल गुरसराय स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार, लव कुछ समय से बीमार चल रहा था और नींद की दवा भी लेता था। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी पीयूष पांडेय ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी, कस्बा इंचार्ज योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मयंक मिश्रा, उपनिरीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया तथा डॉ. ओपी राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *