ललितपुर राजमार्ग पर नाले में मिला अधेड़ का शव, पुलिस शिनाख्त कराने में जुटी

झांसी। झांसी ललितपुर राजमार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया। जब सदर बाजार थाना क्षेत्र में बने नाले में एक अधेड़ का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर, सदर बाजार और सेना की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक के पास से ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।जानकारी के मुताबिक झांसी ललितपुर राजमार्ग स्थित हसारी में कैंट क्षेत्र वाली लाइन में बने नाले में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दर्जनों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस पहुंची। लेकिन घटना स्थल थाना सदर बाजार होने पर सदर बाजार पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाल कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह देर रात नशे की हालत में नाले में गिरा और वह उठ नहीं सका। लेकिन घटना स्थल के आस पास कोई शराब की बोतल या अन्य वस्तु बरामद नहीं हुईं। उन्होंने बताया कि मृतक के पास से एक गांजे की पुड़िया पेंट की जेब से बरामद हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *