झांसी। भारतीय जनता पार्टी जिला झांसी के तत्वावधान में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पर संविधान गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान तथा उनके विचारों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने संविधान के मूल्यों को अपनाने और समाज में समानता एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन देश के लोकतांत्रिक इतिहास में विशेष महत्व रखता है। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान ने देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार देते हुए एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और उनके आदर्शों को लेकर आगे बढ़ रही है। बाबा साहब ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं। भाजपा सरकार द्वारा दलित समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।पवन गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान देने का कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री ने बाबा साहब के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कराया है। इन पंचतीर्थों के माध्यम से देश की नई पीढ़ी को बाबा साहब के जीवन, संघर्ष, विचारों और सामाजिक परिवर्तन के लिए किए गए कार्यों को जानने का अवसर मिल रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। संविधान निर्माताओं ने देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और हितों को ध्यान में रखकर संविधान का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना और उसमें निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर जिला महामंत्री डाॅ अनिल राज, यशोदा कुशवाहा, चंचल कंठरिया, यज्ञेश यादव, उदय लुहारी, दीपक त्रिपाठी, मनीष कोरी,कृष्णचंद्र तिवारी, प्रथम कनौजिया, अंकित शिवहरे,जय प्रकाश पाल, अशोक कुमार, रविकांत आर्य, नगेद्र प्रताप, आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री बद्री त्रिपाठी ने किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा