झांसी। मऊरानीपुर और स्वाट टीम ने गोवा के एक होटल से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लाख 70 हजार की नकदी और गाड़ी का ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया है। बुधवार की देर शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी देहात ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को अमृतसर के व्यापारी गुरकीरत ने थाना मऊरानीपुर में सूचना देते हुए बताया था कि वह सर्राफा कारोबारी है, और सोने चांदी के जेवरात व्यापारियों को उचित दाम में बेचने के लिए झांसी और उसके आस पास के इलाकों में आता जाता रहता है। उसने बताया कि 28 अक्टूबर को वह जेवरातों से भरे तीन बैग लेकर छतरपुर से झांसी के लिए बस में बैठा था। जैसे ही बस मऊरानीपुर आई तभी उसकी सीट के पीछे बैठे दो व्यक्ति बस से उतर गए और वह पास में खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ कर चले गए। बस मऊ रानीपुर स्टैंड से थोड़ा आगे बढ़ी तभी उसने देखा कि उसका एक बैग गायब था जिसमें करीब पांच करोड़ से अधिक कीमत के जेवरात रखे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी थी। इधर मामले को गंभीरता से लेकर एसएसपी ने स्वाट, सर्वेलेंस टीम को मऊ रानीपुर पुलिस के साथ लगाया था। घटना का अनावरण करने में लगी टीमों ने संदिग्धता के आधार पर उक्त स्कॉर्पियो की पहचान करने के लिए लगातार दो हजार किलो मीटर तक सीसीटीवी फुटेज और हर टोल पर उसकी जांच पड़ताल करते हुए पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंच गई थी। जहां पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर एक आरोपी अमोल मारुति पीटेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सराफा कारोबारी के बैग चोरी की घटना का जुर्म स्वीकार किया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लाखों की नकदी बरामद कर ली थी। वही इस प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों में से एक आरोपी को टीम ने गोवा के होटल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम महाराष्ट्र के पुणे साठ विलेज निवासी गणेश चंद्रकांत मालवी बताया। पुलिस पूछताछ में उसने सर्राफा कारोबारी का बैग चोरी करने की घटना का जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसे चार लाख रुपया मिला था। जिसमें से उसके पास बचे एक लाख 70 हजार रुपए पुलिस टीम ने बरामद कर लिए। पुलिस टीम अन्य भागे हुए आरोपी लक्ष्मण पिटकर, मारुति राजा राम की तलाश कर रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा