झांसी। बीड़ा में जमीन आने पर मुआवजा के तौर पर मिले 80 लाख रुपए को बैंक में जमा करने के दौरान बैंक कर्मचारी और शाखा प्रबंधक ने अच्छी स्कीम में पैसा जमा करने और उसका दो गुना ब्याज दिलाने का झांसा देकर रुपए हड़प लेने के आरोप में थाना रक्सा पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक शाखा नंदनपुरा के मैनेजर सहित चार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।गणेशगढ़ निवासी करन सिंह राजपूत ने थाना रक्सा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पुस्तैनी जमीन ग्राम डगरवाहा में थी। जिसका बीड़ा में आने पर मुआवजा के तौर पर 80 लाख रुपया उसे व उसके पिता को मिला था। करन ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके रिश्तेदार का बैंक खाता शिवपुरी रोड नंदन पुरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में था जहां उसके रिश्तेदार दिन दयाल अहिरवार कर्मचारी के तौर पर है, वह अपने रिश्तेदार के साथ बैंक में कई बार उसके पैसे जमा करने गया तो दिन दयाल से पहचान हो गई थी। वह अपने पिता के साथ बीड़ा का मिला पैसा उसी बैंक में खाता खोलकर जमा करने गया। जहां बैंक कर्मचारी दीनदयाल ने उनसे कहा कि खाता में पैसा जमा करने पर ब्याज ज्यादा नहीं मिलेगा मैं तुम्हे अच्छी स्कीम में पैसा जमा करा दूंगा जिसमें दुगुना ब्याज मिलेगा और यह कहते हुए दीनदयाल ने शाखा प्रबंधक प्रीतम दास से मिलवाया। करन का आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह लोग अच्छी स्कीम में पैसा लगाए जिसका दोगुना ब्याज मिलेगा। पिता पुत्र शाखा प्रबंधक और कर्मचारी दिन दयाल तथा दो अन्य कर्मचारियों की बातों में आ गए। शाखा प्रबंधक ने उनसे कहा कि वह लोग बैंक के सबसे पीछे बने कमरे में जाकर पैसा दीनदयाल को दे दे। करन ने बताया कि वह अपने पिता के साथ कई बार पैसा अलग अलग लेकर गया और दिन दयाल कर्मचारी को दिया और लगातार बैंक के शाखा प्रबंधक को अवगत कराते और रसीद रुपए जमा करने की मांगते रहे। जिस पर शाखा प्रबंधक प्रीतम दास, कर्मचारी दिन दयाल अहिरवार और अवधेश तथा अम्बर उन्हें लगातार यही कहते रहे कि स्कीम ऊपर से चलती है, और रुपए जमा करने की रसीद ऊपर हैड ऑफिस से आएगी थोड़ा टाइम लगता है। करन ने बताया अंतिम बार रुपए देने वह अपनी पत्नी के साथ 17 अप्रैल 2026 को गया जहां उसने पैसा देने के बाद रसीद मांगी तो उन्होंने फिर टाल मटोल कर दी। करन ने बताया कि कई बार उसने बैंक शाखा प्रबंधक, कर्मचारी को फोन कर अपने 80 लाख रूपये जमा करने और स्कीम की रसीद मांगी लेकिन वह लोगों ने रसीद नहीं तो और कहा कि आपने किस को पैसा दिया, हमारे पास कोई पैसा नहीं। करन ने पुलिस को बताया कि कर्मचारी और बैंक शाखा प्रबंधक ने षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी करते हुए उनके 80 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने तमाम साक्ष्य के आधार पर आरोपी शाखा प्रबंधक प्रीतम दास, कर्मचारी दीनदयाल अहिरवार, अवधेश अंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा