झांसी। आज वीरांगना झलकारी बाई भारत कोरी समाज (रजि.) झाँसी की ओर से रेल मंत्री भारत सरकार को पत्र लिखकर मुस्तरा रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर किए जाने की मांग की है। संस्था के सचिव अमीर चंद आर्य ने पत्र कहा है कि सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका महारानी लक्ष्मीबाई की महिला सेना ‘दुर्गा दल’ की वीर सेनापति, अमर शहीद वीरांगना झलकारी बाई का जन्म 22 नवंबर 1830 को झाँसी जनपद के ग्राम भोजला में हुआ था। झाँसी-कानपुर रेल मार्ग पर स्थित मुस्तरा रेलवे स्टेशन उनकी जन्मस्थली भोजला के अत्यंत निकट स्थित है।पूर्व में झाँसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर किया जा चुका है, जो अत्यंत सराहनीय कार्य है। महारानी लक्ष्मीबाई की हमशक्ल, अंतरंग सहेली एवं युद्ध में उनके प्राणों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाली वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर मुस्तरा स्टेशन का नामकरण किया जाना न केवल झाँसी, बल्कि समस्त देशवासियों के लिए गौरव की बात होगी।उक्त मांग को लेकर झाँसी के अनेक सामाजिक संगठनों , वीरांगना झलकारी बाई केकवंशजों एवं आम जनमानस द्वारा लम्बे समय से आवाज उठाई जा रही है। मुस्तरा रेलवे स्टेशन का नाम “वीरांगना झलकारी बाई रेलवे स्टेशन, मुस्तरा” किया जाये।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा