पीएम आवास योजना (शहरी) के 19547 जांच हेतु लम्बित प्रकरण कैम्प आयोजित कर निस्तारण करें : सांसद अनुराग शर्मा सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें अधिकारी, योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देना सुनिश्चित करें

झांसी। अनुराग शर्मा सांसद झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। सांसद झाँसी-ललितपुर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित विकास का है, सरकार की मंशा है कि गरीब का कल्याण हो, योजना का लाभ सीधे उसके द्वार पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्य एवं किए जा रहे कार्य जनप्रतिनिधियों से अवश्य साझा करें ताकि कार्यों का सत्यापन किया जा सके और योजनाओं में आ रही समस्याओं को शासन स्तर पर दूर किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि जन प्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाएं रखें ताकि योजनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के समक्षअधिकारियों से कहा कि अब तक जो भी निर्माण कार्य स्वीकृत हो गए हैं, उन्हें विभाग सूचीबद्ध करते हुए माह दिसंबर तक प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम पोर्टल पर मरीजों के लिए जो प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेषित किए जाते हैं, उन मरीजों के मोबाइल पर क्यूआर कोड आ रहा है जिसमें यह कहा जाता है कि ₹10 हजार की धनराशि भेजें ताकि इलाज का पैसा भेजा जा सकें यह दुखद है। पुलिस इस पर तत्काल एफआईआर दर्ज करते हुए सख्त कार्रवाई करे। सांसद अनुराग शर्मा झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में आयोजित दिशा बैठक में 74 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में सर्व प्रथम वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G – विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन-2025 एक नई ग्रामीण रोजगार योजना है, जिसने मनरेगा (MGNREGA) की जगह ली। यह 01 जुलाई, 2026 से लागू की जा रही है। इससे जनपद के श्रमिकों को 125 दिनों की गारंटीकृत रोजगार, बेहतर मजदूरी, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत कन्वर्जेंस के अधिक से अधिक कार्य कराए जा सकते हैं। उन्होंने सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को अधिक काम दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनपद में योजना अंतर्गत 100 प्रस्ताव भेज रहे है तत्काल भूमि चिह्नित कर लें ताकि कार्य प्रारंभ कराए जा सके। आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए जनपद में अब तक बनाए गए समूह की जानकारी ली, 10318 महिला स्वयं सहायता समूह के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6021 समूह का गठन कर लिया है, प्रदेश में तीसरा स्थान। सांसद ने लगभग 4000 समूह के लक्ष्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए ब्लाक स्तर पर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने बताया कि जनपद में आयोजित विभिन्न मेलों में समूह की महिलाओं को दुकानें उपलब्ध करायी जा रही है ताकि समूह की महिलाओं को रोजगार मिल सके। आयोजित बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी/ग्रामीण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास के लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाए ताकि पात्र की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की जानकारी लेते हुए 19547 लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच किए जाने हेतु कैंप आयोजित कर जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में झांसी विकास प्राधिकरण के योजना अंतर्गत करारी में 736 आवास बनकर तैयार है जिनका जल्द से जल्द एलॉटमेंट कराए जाने के निर्देश दिए। दिशा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद झांसी-ललितपुर, अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर तहसील के विकासखण्ड बंगरा में ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है, झाँसी खजुराहो के बीच कोई भी ड्रामा सेंटर नहीं है।यदि बन जाएगा तो इसका संचालन कैसे होगा? बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने आयुष्मान योजना अंतर्गत अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से होने वाले सभी इलाज की जानकारी दी जाए ताकि तीमारदार को कोई समस्या न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राइवेट अस्पतालों को जन औषधि केंद्र की दवाएं बीमार को लिखे जाने के निर्देश दिए ताकि गरीब मरीज को दवाओं में किसी तरह की आर्थिक समस्या न हो। बैठक में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने जिला अस्पताल एंव मेडिकल कॉलेज सहित अन्य शासकीय अस्पतालों में जन औषधि केंद्र से अब दवाओं की कितनी बिक्री हुई है की जानकारी ली, क्या दवाओं की बिक्री बढ़ी है और कितने जन औषधि केंद्र संचालित हैं। उन्होंने बैठक में ताकीद की करते हुए कहा कि मेडिकल और जिला अस्पताल में चिकित्सक जन औषधि केंद्र की दवाएं लिखें। यदि मरीजों को जन औषधि केंद्र की दवाएं नहीं लिखते हैं, तो कार्रवाई की जाएगी। दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद झांसी-ललितपुर ने जल जीवन मिशन परियोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जनपद में 10 के सापेक्ष 07 परियोजनाएं पूर्ण हो गई है शेष 03 योजनाओं का कार्य अब तक पूर्ण न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने योजना अंतर्गत 1604 किमी क्षतिग्रस्त सड़क के साथ सापेक्ष 1537 किमी सड़क रीस्टोर कर ली गई शेष सड़क को जल्द से जल्द रिस्टोर करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा, जहां जहां सड़क मानक अनुरूप रिस्टोर कर ली गई है, उसकी सूची उपलब्ध कराएं ताकि किए गए कार्य की जांच कराई जा सके। सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा करते हुए झाँसी कानपुर हाईवे की दुर्दशा पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि टोल पूरा ले रहे हैं तो रोड सही क्यों नहीं है। उन्होंने निर्माणाधीन 02 आरओबी के निर्माण की जानकारी ली, पीएम एनएचआई द्वारा बताया गया कि उक्त दोनों आरओबी का कार्य माह दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। बैठक में उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति के तहत पीएम राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया सड़क दुर्घटना के दौरान 01लाख 50 हजार रुपये का कैश लैस इलाज कराया जा रहा है। जनपद में अब तक कितनों का इलाज कराया गया उसकी सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा अवर अभियंता मनोज यादवद्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत करते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अमरोख में 33 केवी का ट्रांसमिशन का कार्य पूर्ण हो गया, जिससे अब क्षेत्र की समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत से जनपद में सब स्टेशन के कितने प्रस्ताव प्रेषित किये गये हैं कि भी जानकारी ली। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक में जो भी दिशा निर्देश अथवा सुझाव दिए गए हैं, उन सभी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाएगा। दिशा बैठक में जनपद के मा. जनप्रतिनिधियों, ब्लाक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी जल जीवन मिशन, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, दूरसंचार , रेलवे, राजमार्ग संबंधित अवसंरचना, एमएसएमई एवं डिफेंस कॉरिडोर आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। दिशा बैठक का संचालन एवं बैठक में आए सांसद झाँसी-ललितपुर सहित समस्त जनप्रतिनिधिगणों, अधिकारियों का आभार मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने किया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *