“जिला कुश्ती संघ की बैठक में बुन्देलखण्ड केसरी एवं जिला केसरी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के आयोजन का निर्णय, 23 और 24 को होगा दंगल

झांसी। जिला कुश्ती संघ, झांसी की एक महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 23 एवं 24 नवम्बर को ध्यानचंद स्टेडियम, झांसी में बुन्देलखण्ड केसरी एवं जिला केसरी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बुन्देलखण्ड एवं जनपद के उभरते पहलवानों को अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता एवं कुश्ती कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।बैठक में अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने कहा कि जिला कुश्ती संघ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना ही नहीं, बल्कि झांसी एवं बुन्देलखण्ड की कुश्ती प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें प्रांतीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार करना है। संघ निरंतर युवा पहलवानों को प्रोत्साहित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं कुश्ती की तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति और गौरवशाली विरासत का हिस्सा है। इसे नई पीढ़ी में लोकप्रिय बनाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।उल्लेखनीय है कि जिला कुश्ती संघ द्वारा विगत वर्षों में भी बुन्देलखण्ड केसरी एवं जिला केसरी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था, जिसमें पूरे बुन्देलखण्ड से बड़ी संख्या में पहलवानों ने सहभागिता की थी। इस प्रतियोगिता ने क्षेत्रीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। प्रतियोगिता से निकले कई पहलवानों ने आगे चलकर प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है।आगामी प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें बुन्देलखण्ड केसरी 74 किलोग्राम वर्ग, बुन्देलखण्ड कुमार 65 से 70 किलोग्राम वर्ग, जिला केसरी 65 से 70 किलोग्राम वर्ग, जिला कुमार 55 से 65 किलोग्राम वर्ग तथा वीर अभिमन्यु 45 से 55 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले शामिल रहेंगे।बैठक का संचालन कुश्ती संघ के सचिव सुंदर ग्वाला ने किया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक बैदेही शरण सरावगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोनी पहलवान, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल (पीएनबी), हरविन्द कुमार, सैमुअल पीटर, श्रीमती बलविंदर सिंह, नीतेश तिवारी सहित एनआईएस कोच एवं संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।संघ ने प्रतियोगिता को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया तथा सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *