झांसी। वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई रेलवे स्टेशन पर अनाधिकृत रूप से बिना किसी अथार्टी के रेलवे स्टेशन पर मोबाइल से फोटो वीडियो बना रहे एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल ने हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक ने खुद को पत्रकार बताया, जब सुरक्षा बल ने उससे पत्रकार होने का अधिकृत पत्र मांगा तो वह नहीं दिखा सका। बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी एवं ड्यूटी चेकिंग स्टाफ द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर-01 के मेन गेट के पास एक व्यक्ति अनधिकृत रूप से प्रवेश कर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करता हुआ पाया गया। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताते हुए अपने कथित पत्रकार होने का हवाला देकर रौब जमाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के संबंध में अधिकृत अनुमति पत्र अथवा कोई वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त व्यक्ति को अनधिकृत प्रवेश के मामले में पकड़ा गया तथा उसे रेलवे अधिनियम की धारा 147 के वैधानिक प्रावधानों से अवगत कराया गया। इसके उपरांत जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 एवं रेलवे बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई।उक्त कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी के निर्देशन में की गई।रेलवे सुरक्षा बल आमजन को सचेत करता है कि रेलवे परिसर में बिना अधिकृत अनुमति के फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी न करें। स्वयं को पत्रकार बताकर रेलवे के नियमों एवं सुरक्षा प्रावधानों की अवहेलना करने अथवा अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
