झांसी। कॉर्पोरेट चैलेंजर ट्रॉफी सीजन-4 का शुभारंभ गुरुवार को जीआईसी ग्राउंड, झांसी में रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में झांसी टीचर्स वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए CA-11 को पांच विकेट से पराजित कर विजयी शुरुआत की।मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी CA-11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। टीम की ओर से आदर्श गुप्ता ने 46, प्रदीप ने 24 और सागर अत्री ने 22 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। झांसी टीचर्स वॉरियर्स की ओर से रवि कुशवाह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि अजय प्रजापति ने दो विकेट लिए। वहीं अजय देवा, राजू यादव और राहुल गुप्ता को एक-एक सफलता मिली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी झांसी टीचर्स वॉरियर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 14 ओवर में पांच विकेट खोकर 124 रन बना लिए और मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में शीलेन्द्र यादव ने 35, प्रभात यादव ने 27, केतन कुशवाह ने 15 और मनोज यादव ने 13 रनों का योगदान दिया। CA-11 की ओर से प्रियंक गुप्ता ने दो विकेट हासिल किए, जबकि आदर्श गुप्ता, विश्वास वाजपेयी और सागर अत्री ने एक-एक विकेट लिया।इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला क्रिकेट संघ, झांसी के सचिव बृजेंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि आनंद यादव एवं अजय यादव ने पिच पर फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैदान पर मौजूद खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा, महेंद्र सिंह यादव, अनिल बबेले, रवि मऊ, अजय वर्मा, रवि यादव, अजेंद्र यादव, सूर्यकांत, प्रदीप, राम नारायण, मनोज यादव, राजू यादव एवं डॉ. देवेंद्र यादव सहित अन्य खेलप्रेमी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
