झांसी। जनपद में एमएसएमई इकाइयों के विकास को दृष्टिगत रखते हुए एमएसएमई विकास संस्थान कार्यालय, कानपुर एवं बुन्देलखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्ड० झाँसी तथा उपायुक्त उद्योग, झाँसी कार्यालय द्वारा दिनाँक 04.03. 2023 को पूर्वान्ह 11.00 बजे होटल लेमन ट्री में भानु प्रताप सिंह वर्मा , राज्यमंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, भारत सरकार के मुख्य आतिथ्य में एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में जनपद के अतिविशिष्ट जनप्रतिनिधिगणों तथा उच्चाधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति होगी। कार्यशाला में जिन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी वह निम्नवत हैं :-
- सार्वजनिक खरीद नीति, जिसके अनुसार केन्द्र सरकार के. मंत्रालयों/विभागों / सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा वार्षिक खरीद का 25 प्रतिशत सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से लिया जाना अनिवार्य होता है।
- वार्षिक निर्धारित खरीद लक्ष्य में से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से 04 प्रतिशत एवं महिला स्वामित्व वाले उद्यमों से 03 प्रतिशत खरीददारी पर भी चर्चा की जाएगी।
- राजकीय क्रय हेतु भारत सरकार द्वारा विकसित गवर्मेण्ट ईमार्केट प्लेस अर्थात जेम पोर्टल जो वर्तमान में एक महत्वपूर्ण ई-कॉमर्स वेबसाइट बन गया है, पर चर्चा होगी।
- वेण्डर रजिट्रेशन के माध्यम से किस प्रकार RVNL, HAL, GAIL एवं यूपीनेडा में जनपद के उत्पादकों द्वारा अपने द्वारा निर्मित उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने पर चर्चा प्रस्तावित है।
- राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम, खादी ग्रामोद्योग आयोग जो एमएसएमई मंत्रालय के अधीन स्वायत्तशासी संस्थायें हैं, की क्रियाप्रणाली एवं उद्यमियों के लिए विभिन्न लाभप्रद योजनाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।
- उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा नवागन्तुक PLEDGE योजना के अन्तर्गत निजी एमएसएमई पार्कों के निर्माण एवं संचालन हेतु देय सुविधाओं पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
- एमएसएमई पॉलिसी-2022 में उद्यम स्थापनार्थ देय सुविधाओं पर चर्चा
- वित्तीय संस्थानों यथा सिडबी एवं बैंकों से उद्योगों को देय ऋण सुविधाओं पर चर्चा
- भारतीय विदेश व्यापार नीति पर चर्चा |
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा





