झांसी। दो दिन पूर्व चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम छिनौरा में कुआं में मिले वृद्ध के शव को परिजनों ने हादसा मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था। कहते है अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो लेकिन वह कही न कही घटना का साक्ष्य छोड़ देता है। ऐसा ही उस समय आया जब रामदीन की मौत महज एक हादसा समझ कर परिजन शव का अंतिम संस्कार कर घर में बैठे थे। दो दिन बाद जब घर में रखे अलमारी से कपड़े हटाए गए तो खून से सने कपड़े मिलने पर परिजनों का शक गहरा गया और उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए रामदीन की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए कार्यवाही की मांग की। जब पुलिस ने इस प्रकरण में जांच पड़ताल शुरू की तो बड़े चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दर असल रामदीन की नाबालिग नातिन उसके ही पास रहती थी। नातिन का पड़ोस में रहने वाले युवक विशाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पुलिस ने इस एंगिल पर जांच शुरू की तो पुलिस को मृतक की नातिन और विशाल के पास से उनके खून से सने कपड़े मिले। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना स्थल से फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए और नातिन तथा उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में नातिन और उसके प्रेमी ने घटना का खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि 12 सितंबर को वह दोनों मुलाकात करने खेत पर गए थे तभी रामदीन कुशवाह ने उन्हें देख लिया था। पकड़े जाने और समाज में बदनामी के डर से विशाल ने रामदीन का गला दबा दिया और नातिन ने उसके सर पर पत्थर से हमला कर दिया। जिससे रामदीन की मौत हो गई और हत्या का हादसा बताने के लिए नातिन और विशाल ने रामदीन के शव को कुआं में फेंक दिया था। पुलिस ने नातिन और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

