किसानों की फसल की हो सही तुलाई, उपज का मिले सही दाम मण्डी में किसी भी तरह से नहीं होगी घटतौली बर्दाश्त, होगी संबंधित पर सख्त कार्रवाई मण्डी को अतिक्रमणमुक्त और साफ सफाई के अतिरिक्त योजनाओं की जानकारी भी किसानों को कराएं उपलब्ध

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद के समस्त उप जिला अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मण्डियों में किसानों द्वारा लाई जा रही विक्रय हेतु फसल की सही और विधिक रूप से तुलाई किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडी समिति के कांटों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए की सभी व्यवस्थाएँ सुदृढ़ हैं और किसानों की फसल की सही तुलाई की जा रही है और फसल का सही दाम उन्हें प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हित संरक्षण हेतु यह आवश्यक है कि व्यापारीगण द्वारा अपने प्रतिष्ठान एवं दुकानों में विधिक माप विज्ञान विभाग से सत्यापित एवं मुद्रांकित बांट-माप एवं माप तौल उपकरणों का प्रयोग किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को सामान सही वजन / मात्रा में मिलें, उन्हें घटतौली का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिला अधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती ने मण्डी मऊरानीपुर स्थित धर्मकांटा का सत्यापन किया गया। उक्त धर्मकांटा मण्डी के मुख्य द्वार के सन्निकट स्थित है, जिसकी क्षमता 50 टन है। निरीक्षण के दौरान उक्त धर्मकांटा सुचारू रूप से कार्य करता हुआ पाया गया। उपस्थित मण्डी सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि मण्डी में प्रवेश करने वाले किसानों की उपज का निःशुल्क धर्मकांटा के माध्यम से तुलाई का कार्य किया जाता है एवं उन्हें उनकी रसीद उपलब्ध करायी जाती है। मिरजा महमूद निरीक्षक विधिक माष विज्ञान मऊरानीपुर द्वारा कृषि उत्पादन मंडी समिति, मऊरानीपुर में लगे दो वे-ब्रिज क्षमता 50000 Kg का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मंगल सिंह वर्मा, मंडी सहायक उपस्थित थे। परिसर में लगी दो वे ब्रिज मशीनों के क्रम सं. 02 पर स्थापित वे-ब्रिज कांटा 1 माह से खराब है। क्रम सं. 1 पर लगे वे ब्रिज के तौल की शुद्धता की जाँच मानक टेस्ट बॉट से की गयी जो ठीक पायी गयी। दोनों वे ब्रिज दिनांक 21.04.2026 प्रमाण पत्र सं.- 2608360741MV0517 द्वारा सत्यापित पाया गया। प्रमाण-पत्र मौके पर प्रदर्शित पाया गया। कृषि उत्पादन मण्डी समिति मऊरानीपुर साथ ही किसान विश्राम ग्रह का निरीक्षण किया गया। किसान विश्राम ग्रह में बेड, वॉशरूम व शौचालय इत्यादि की व्यवस्था संतोषजनक अवस्था में पायी गई। मण्डी परिसर में अवैध ठेला लगे पाये जाने पर उनको तत्काल हटाने हेतु निर्देशित किया गया। मण्डी परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य किया गया है तथा दीवालों पर मण्डी को स्वच्छ रखने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। उपस्थित मण्डी सचिव को निर्देशित किया गया कि फुटकर विक्रेता / व्यापारियों की जांच हेतु सूची अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में दो दिवस में उपलब्ध करायें। साथ ही बिना लाइसेंस के खरीद कार्य करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश सचिव, कृषि उत्पादन मण्डी समिति मऊरानीपुर को दिये गये। इस दौरान तहसीलदार एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *