जलकर-सीवर कर समाप्त करने एवं गृहकर में 50 प्रतिशत कमी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

झाँसी। बिजनेस डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (इंडिया) के संस्थापक अध्यक्ष संजय पटवारी एवं अध्यक्ष संजय गेड़ा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी झाँसी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनहित एवं व्यापारिक हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में संगठन ने पूरे उत्तर प्रदेश में जलकर एवं सीवर कर को पूर्ण रूप से समाप्त करने तथा पुराने बकाया जलकर एवं सीवर कर की पूर्ण माफी की मांग की है। संगठन का कहना है कि जब जनता को पर्याप्त एवं शुद्ध जल आपूर्ति ही नहीं मिल रही है, तो उस पर अलग से जलकर और सीवर कर का बोझ डालना न्यायसंगत नहीं है।ज्ञापन में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि *वर्तमान में गृहकर पर 12.50 प्रतिशत की दर से वाटर टैक्स लगाया जा रहा है, जो पूरी तरह से अनुचित एवं अन्यायपूर्ण है।* गृहकर एक अलग कर है और उस पर पानी का कर जोड़कर वसूलना आम नागरिक, व्यापारी एवं गृहस्वामी पर दोहरी मार है। जिन भवनों में नगर निगम का जल कनेक्शन ही नहीं है, उनसे भी वाटर टैक्स वसूला जा रहा है, जो किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने अपनी प्रमुख मांगे पूरे प्रदेश में जलकर एवं सीवर कर तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए।पुराने बकाया जलकर एवं सीवर कर को पूर्ण रूप से माफ किया जाए।केवल उन्हीं उपभोक्ताओं से उचित जल मूल्य लिया जाए, जिनके पास वास्तव में नगर निगम का जल कनेक्शन है।गृहकर पर लगने वाला 12.50% वाटर टैक्स तुरंत समाप्त किया जाए। झाँसी में गृहकर में 50 प्रतिशत की कमी की जाए, ताकि आम जनता एवं व्यापारियों को राहत मिल सके। अध्यक्ष संजय गेड़ा ने कहा कि बढ़ते करों के बोझ से आम नागरिक के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान है। व्यापारियों को पहले से ही जीएसटी, बिजली, किराया एवं अन्य खर्चों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में गृहकर और उस पर अतिरिक्त जलकर-सीवर कर लगाना व्यापार को हतोत्साहित करता है। सरकार को चाहिए कि वह करों को सरल, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाए।संस्थापक अध्यक्ष संजय पटवारी ने कहा कि संगठन की यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के हित के लिए है। संगठन मुख्यमंत्री से आशा करता है कि वे जनभावनाओं को समझते हुए इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।इस अवसर पर संगठन के चेयरमैन सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *