“सुरक्षित जीवन का संदेश, हेलमेट का उपहार! यातायात माह में ‘प्रयास’ ने लकी ड्रॉ कूपन से जगाई सड़क सुरक्षा की अलख”

झांसी। सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की रक्षा करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘प्रयास : सभी के लिए’ द्वारा यातायात माह-2026 के अंतर्गत मंगलवार को एलाइट चौराहा, झांसी पर ‘सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन’ विषय पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।संस्था के अध्यक्ष के.डी. गुप्ता की अध्यक्षता एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रयास सभी के लिए संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सी ओ ट्रैफिक मुकेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के संकल्प को प्रतीकात्मक रूप प्रदान करते हुए मनमोहन गेड़ा द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों का एक गुच्छा आकाश में छोड़ा गया। इसके माध्यम से संदेश दिया गया कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, स्वयं के जीवन की सुरक्षा और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता का यह अभियान निरंतर ऊंचाइयों को छूता रहे तथा जन-जन में सुरक्षा का भाव जागृत करता रहे। सभी का स्वागत अध्यक्ष के.डी.गुप्ता द्वारा किया गया! कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी इस अवसर पर हेलमेट वितरण के लिए आयोजित लकी ड्रॉ में लगभग 80 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य अतिथि सी ओ ट्रैफिक मुकेश कुमार ने लकी ड्रॉ की पर्चियां निकालीं, जिसके माध्यम से 21 भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया गया। चयनित विजेताओ को सी ओ यातायात मुकेश कुमार सिंह के कर कमलों से हेलमेट वितरित किए गए।अपने संक्षिप्त उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने संस्था के इस जनजागरूकता प्रयास की सराहना भी की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह को सामूहिक रूप से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा अपने जीवन के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का संचालन बैदेही शरण सरावगी ने किया। कार्यक्रम संयोजक अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव एवं बी पी नायक रहे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से संस्था के संरक्षक रामकुमार लोहिया, निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सुनील खरे,सुभाष पुरवार, राजेंद्र शर्मा, अशोक अग्रवाल पीएनबी, एच एन शर्मा, प्रमोद चऊदा,आर पी मोदी, देवेश मिश्रा, राकेश मेहरोत्रा, महेश खरया, अरुण खरे,भूपेन्द्र खत्री,नीलम शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।अंत में सभी के प्रति महामंत्री नवीन श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *