झाँसी। एक नवंबर ऐतिहासिक झाँसी किले पर आज आयोजित एसबीआई झाँसी हाफ मैराथन 2026 में 1,500 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन, झाँसी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को नगर निगम, झाँसी का सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन का प्रबंधन थ्रिल ज़ोन ने किया तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) टाइटल पार्टनर रहा। फिटनेस, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी की चार दौड़ श्रेणियाँ रखी गईं। इनमें प्रतिस्पर्धी धावकों के साथ फिटनेस प्रेमियों ने भी हिस्सा लिया। 21 किमी और 10 किमी श्रेणियों के विजेताओं को कुल ₹7.5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। 21 किमी हाफ मैराथन को अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाई। 10 किमी दौड़ का शुभारम्भ एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय, झाँसी के उप महाप्रबंधक सुबोध कुमार गोपे ने किया। वहीं, 05 किमी और 02 किमी दौड़ को नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राघवेन्द्र सिंह तथा राइज़ के निदेशक अमित सिंह ने हरी झंडी दिखाई। 05 किमी दौड़ के शुभारम्भ में एसबीआई आरबीओ-1, झाँसी के अब्बू हसन अंसारी भी शामिल रहे। झाँसी हाफ मैराथन 2026 के 21 किमी की 18–30 वर्ष पुरुष श्रेणी में सत्यम ने 01 घंटा 04 मिनट 54 सेकंड के चिप टाइम के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुकेश भांभू 01 घंटा 06 मिनट 17 सेकंड के साथ दूसरे और पलाश हाजरा 01 घंटा 09 मिनट 24 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी आयु वर्ग की महिला श्रेणी में फूलन पाल ने 01 घंटा 16 मिनट 43 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। मुन्नी देवी 1 घंटा 18 मिनट 40 सेकंड के साथ दूसरे और गुड्डी 01 घंटा 31 मिनट 27 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। हाफ मैराथन की अन्य आयु श्रेणियों में 31–40 वर्ष वर्ग में अब्दुल मशहूद और डिम्पल सिंह, 41–50 वर्ष वर्ग में अर्जुन प्रधान और आभा मेहता तथा 51 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग में भास्कर कांबले और गीता देवी ने क्रमशः पुरुष एवं महिला श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 10 किमी पुरुष ओपन श्रेणी में रामिकेश रामिकेश ने 30 मिनट 31 सेकंड के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। विक्की राजभर 30 मिनट 45 सेकंड के साथ दूसरे और अभिषेक पाल 30 मिनट 58 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। झाँसी हाफ मैराथन में विशेष रूप से ऑरेंज ओराइन किड्स के संस्थापक समर्थ दीक्षित ने भी प्रतिभाग किया और 10 किलोमीटर की दौड़ को पूरा किया। महिला ओपन श्रेणी में सोनम चौधरी ने 35 मिनट 45 सेकंड के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। खुशबू पटेल 36 मिनट 12 सेकंड के साथ दूसरे और स्नेहा मलिक 37 मिनट 44 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। झाँसी किले से शुरू होकर वहीं समाप्त हुई इस दौड़ ने शहर की ऐतिहासिक विरासत को स्वस्थ जीवनशैली के संदेश से जोड़ा। प्रतिस्पर्धी दौड़ों के साथ 5 किमी और 2 किमी की फन रन ने अधिक लोगों को इस आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर दिया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, प्रायोजकों, सहयोगी विभागों, स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। थ्रिल ज़ोन की टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, झाँसी और भारतीय स्टेट बैंक का विशेष धन्यवाद किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
