झाँसी। दीपावली के महापर्व से पूर्व देश के अन्नदाता किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में ₹18,680 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹4,482 करोड़ से अधिक की सहायता राशि पहुंचाई गई। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को ₹2,000 की किस्त प्रदान की गई।इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी में वर्चुअल माध्यम से आयोजन किया गया। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी संबोधन सुना तथा किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने उपस्थित किसानों को रबी मौसम की प्रमुख फसलों की वैज्ञानिक खेती के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। किसानों को गेहूँ, सरसों एवं अन्य रबी फसलों की उन्नत किस्मों के चयन, खेत की तैयारी, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई तथा फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों से कृषि की नवीनतम तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने का आह्वान किया।प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से बिना किसी बिचौलिए के किसानों तक आर्थिक सहायता पहुंचाना पारदर्शी व्यवस्था का महत्वपूर्ण उदाहरण है।उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा और गांवों की समृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी। किसानों की आय, सम्मान और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत हैं।कार्यक्रम के अंत में देश एवं प्रदेश के सभी अन्नदाता किसान भाई-बहनों को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही किसानों के कल्याण, आर्थिक सशक्तीकरण एवं कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
