विश्वकर्मा श्रम सम्मान एवं ओडीओपी टूलकिट प्रशिक्षण योजना के आवेदक साइबर ठगी से रहें सावधान

झाँसी। उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने अवगत कराया है कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) टूलकिट प्रशिक्षण योजना में आवेदकों द्वारा विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया गया है और यदि उन्हें योजना के संबंध में किसी अनजान व्यक्ति द्वारा फोन कॉल कर किसी प्रकार की धनराशि की मांग की जाती है, तो ऐसे कॉल को गंभीरता से लेते हुए इसे धोखाधड़ी एवं ठगी का प्रयास मानें। ऐसे किसी भी कॉल पर आवेदक किसी प्रकार की प्रतिक्रिया न दें तथा कॉल करने वाले व्यक्ति का नंबर तत्काल BLOCK कर दें। किसी भी दशा में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते से संबंधित विवरण, ओटीपी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें और न ही किसी व्यक्ति के खाते में धनराशि का भुगतान करें। आईजीआरएस के माध्यम से ऐसे प्रकरण आए हैं, जिनमें कुछ व्यक्तियों द्वारा योजना के नाम पर धनराशि मांगे जाने तथा ठगी का शिकार होने की आशंका व्यक्त की गई है, इसको दृष्टिगत रखते हुए समस्त आवेदकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उपायुक्त उद्योग ने समस्त आवेदकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और योजना के नाम पर धनराशि की मांग करने वाले संदिग्ध कॉल/व्यक्तियों से सावधान रहें। ऐसे अवांछनीय तत्वों के मोबाइल नंबर को तत्काल BLOCK करें तथा किसी भी प्रकार की ठगी की स्थिति में संबंधित पुलिस/साइबर क्राइम प्राधिकरण को तत्काल सूचित करें।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *