झाँसी। मणिकर्णिका आर्ट गैलरी द्वारा आयोजित रामायण के प्रसंगों पर आधारित राष्ट्रीय सामूहिक चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन कल, 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे राजकीय संग्रहालय, झाँसी में होगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कार भारती के प्रदेश महामंत्री नरेश चंद्र अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय संग्रहालय, झाँसी के उप-निदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम, वरिष्ठ चित्रकार किशन सोनी एवं हिंदी साहित्य भारती के जिलाध्यक्ष संजय राष्ट्रवादी उपस्थित रहेंगे।प्रदर्शनी संयोजक एवं मणिकर्णिका आर्ट गैलरी की निदेशक चित्रकार कामिनी बघेल ने बताया कि मणिकर्णिका आर्ट गैलरी देशभर के विभिन्न शहरों में अनेक कला प्रदर्शनियों का आयोजन कर चुकी है और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करती आ रही है। इसी क्रम में झाँसी में आयोजित इस प्रदर्शनी में देशभर के अनेक चित्रकार भाग ले रहे हैं, जिनकी रामायण के प्रसंगों पर आधारित कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जाएँगी।प्रदर्शनी 23 से 25 अक्टूबर तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगी। कामिनी बघेल ने सभी कला प्रेमियों एवं नगरवासियों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होने तथा प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
