
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी ने विकास खण्ड गुरसराय के वार्ड संख्या 9 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, नई बस्ती में आयोजित गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुये कहा कि स्वस्थ माँ, स्वस्थ शिशु, हरित पर्यावरण और सशक्त समाज ही विकसित भारत की आधारशिला है। उन्होंने इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और शिशु ही विकसित भारत की मजबूत नींव है और हरित पर्यावरण और स्वस्थ समाज से विकसित भारत बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान सदस्य राज्य महिला आयोग ने गर्भवती माताओं एवं लाभार्थी महिलाओं से संवाद करते हुये कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु कल्याण, पोषण तथा महिला सशक्तिकरण से सम्बन्धित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी वर्षा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

