
झांसी। गुरसराय में वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट विषयक विधानसभा स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित जनों द्वारा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई तथा सर्वप्रथम अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत उपस्थित रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की तथा संचालन जिला संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी सहजेंद्र सिंह बघेल द्वारा किया गया।
विधायक जवाहर लाल राजपूत ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि ₹52.7 लाख करोड़ का केंद्रीय बजट देश को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर करने वाला दूरदर्शी बजट है। ₹12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय से अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी, जिससे रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कृषि, एमएसएमई, स्टार्टअप, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के प्रावधानों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने वाला है।
विधायक ने क्षेत्रीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि मोठ–गुरसराय मार्ग पर खिरयाघाट का बड़ा पुल निर्माणाधीन है, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मोठ में रेलवे का ब्रिज बनकर तैयार हो चुका है, जिससे जनता को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने अपने विस्तृत संबोधन में बजट के महत्वपूर्ण आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का कुल बजट आकार लगभग ₹52.7 लाख करोड़ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10.50 प्रतिशत अधिक है। बजट में लगभग ₹12.2 लाख करोड़ पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है तथा राजकोषीय घाटे को सकल घरेलू उत्पाद के 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए ₹1,39,289 करोड़, स्वास्थ्य के लिए ₹1,06,530 करोड़, कृषि के लिए ₹1,40,529 करोड़ तथा रक्षा क्षेत्र के लिए लगभग ₹7.85 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। अधोसंरचना में बड़े निवेश से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला बजट है।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कानपुर-बुंदेलखंड अशोक राजपूत ने कहा कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा।
अंत में प्रस्तावना रखते हुए एवं संचालन करते हुए सहजेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि यह बजट राष्ट्र के समग्र विकास का स्पष्ट दस्तावेज है। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बजट की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
जिला महामंत्री बद्री प्रसाद त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे जिला उपाध्यक्ष उदय लुहारी, गुरसराय नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, लालता पांचाल, चंद्रभान सिंह, जिनेन्द्र जैन, कृष्णचंद्र तिवारी, नेहिल सिंघाई, प्रीति शर्मा द्विवेदी, बीके पटेल, आशीष खरे, गुड्डू पाठक, शत्रुघ्न सिंह परिहार, उर्मिला पटेरिया, यज्ञेश यादव, गुरदीप सिंह, प्रतिपाल सिंह घोष, ललित पटेल, नितेश मोदी, भारत राठौर, राजीव नायक, गोल्डी निरंजन, अवधेश सिंह फौजी, शत्रुघ्न सिंह बुंदेला, आवेश त्रिपाठी, केपी शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

