झांसी। 23 एवं 24 नवम्बर को ध्यानचंद स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन, आकर्षक पुरस्कार राशि के साथ विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में होंगे मुकाबले। जिला कुश्ती संघ, झांसी के तत्वावधान में आगामी 23 एवं 24 नवम्बर को मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, झांसी में आयोजित होने जा रही प्रतिष्ठित महिला एवं पुरुष बुन्देलखण्ड केसरी दंगल एवं झांसी जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता के संदर्भ में शनिवार को होटल हवाना में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनमोहन गेड़ा की अध्यक्षता में संपन्न पत्रकार वार्ता में झांसी के प्रमुख समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के पत्रकार बंधुओं ने सहभागिता की।पत्रकार वार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों को प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों, विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में होने वाले मुकाबलों तथा प्रतियोगिता के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर बताया गया कि आकर्षक पुरस्कार राशि के साथ आयोजित होने वाला यह दंगल बुन्देलखण्ड की कुश्ती परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ क्षेत्र की उदीयमान महिला एवं पुरुष पहलवानों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने कहा कि जिला कुश्ती संघ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि बुन्देलखण्ड की माटी में छिपी कुश्ती प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संघ निरंतर इस दिशा में प्रयासरत है कि यहां के प्रतिभाशाली पहलवान प्रांतीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति और गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। इसे नई पीढ़ी में लोकप्रिय बनाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।दंगल आयोजन अध्यक्ष डॉ अशोक राय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, संघर्ष और संकल्प का खेल है। बुन्देलखण्ड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें अवसर और सही मार्गदर्शन देने की है। जिला कुश्ती संघ इसी संकल्प के साथ कार्य कर रहा है कि यहां के महिला एवं पुरुष पहलवानों को ऐसा मंच मिले, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और भविष्य में उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त कर सकें। उन्होंने पत्रकार बंधुओं से इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपेक्षा भी की।प्रतियोगिता में बुन्देलखण्ड केसरी 80 प्लस किलोग्राम वर्ग, बुन्देलखण्ड कुमार 70 से 80 किलोग्राम वर्ग, जिला केसरी 60 से 70 किलोग्राम वर्ग, जिला कुमार 50 से 60 किलोग्राम वर्ग तथा वीर अभिमन्यु 45 से 50 किलोग्राम वर्ग , जिला बाल वीर केसरी 11 से 15 किलोग्राम आयु वर्ग सहित निर्धारित आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। महिला एवं पुरुष पहलवानों की सहभागिता इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगी।बैठक में मुख्य संरक्षक बैदेही शरण सरावगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोनी पहलवान, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल (पीएनबी), सैमुअल पीटर, सुशील कुमार गुप्ता क्रेशर , अंकित राय, अरविन्द वर्मा सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।पत्रकार वार्ता का संचालन संघ के सचिव सुंदर ग्वाला ने किया तथा अंत में हरविन्द कुमार (आयोजन सचिव) ने सभी पत्रकार बंधुओं एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मीडिया के सकारात्मक सहयोग से यह आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल होगा और बुन्देलखण्ड की कुश्ती प्रतिभाओं को एक नई पहचान मिलेगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा