गुरसरांय। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित मतदाता जोड़ो अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से गुरसराय स्थित विराज पैलेस में भाजपा की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मतदाता जोड़ो अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती तथा नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपते हुए घर-घर संपर्क करने का आह्वान किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि प्रत्येक बूथ मजबूत बने और हर बूथ पर संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि हमारा बूथ सबसे मजबूत होना चाहिए, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।उन्होंने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर ऐसे युवाओं और नागरिकों से संपर्क करना है, जिनकी आयु मतदाता बनने के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करती है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक एवं सहयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और सामूहिक प्रयासों से ही संगठन के कार्यक्रम धरातल पर सफल होते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर अभियान को गति देने तथा प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय टोली के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने और मतदाता सूची में नाम, पता सहित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच करने पर जोर दिया।बैठक में अभियान को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर पर संपर्क अभियान चलाने, पात्र नए मतदाताओं की पहचान करने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग करने की रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।इस अवसर पर अनुपमा लोधी, बद्री त्रिपाठी, टीकाराम पटेल, चन्द्रभान अहिरवार, जयपाल सिंह, रामजी परिहार, कृष्णचंद्र तिवारी, अमित चौरसिया, केशव सिंह, राजा केशवेन्द्र, निहिल सिंघई, जशोदा कुशवाहा, आशीष खरे, गुड्डू पाठक, पुष्पेंद्र दुबे, वीरप्रताप चौहान, राजबहादुर एवं गरौठा विधानसभा विस्तारक प्रियम मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा