झांसी। झांसी की वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जन्म जयंती तथा भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आज विपिन बिहारी इंटर कॉलेज, झांसी में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई और श्रीमती इंदिरा गांधी भारतीय इतिहास की दो ऐसी महान विभूतियां हैं, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश के प्रति समर्पण से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। एक ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अंग्रेजी हुकूमत से वीरतापूर्वक संघर्ष किया, तो दूसरी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। दोनों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने नेतृत्व से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाई। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को प्रोत्साहन और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान उनका निर्णायक नेतृत्व उनके ऐतिहासिक योगदान के उदाहरण हैं। वहीं, रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान हमें सिखाता है कि मातृभूमि की रक्षा और सम्मान के लिए किसी भी चुनौती के सामने झुकना नहीं चाहिए।इस अवसर पर अपने संबोधन में गौरव जैन ने कहा कि आज का दिन झांसी के लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर हम अपनी धरती की गौरवशाली बेटी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जन्म जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने स्वतंत्रता, स्वाभिमान और नारी शक्ति की ऐसी मिसाल कायम की, जो सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी, वहीं दूसरी ओर देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद कर रहे हैं, जिन्होंने अपने साहसिक निर्णयों और नेतृत्व से भारत को नई दिशा दी।उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन केवल झांसी का गौरव नहीं, बल्कि पूरे भारत की अमूल्य विरासत है। उनका संघर्ष हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। वहीं इंदिरा गांधी का जीवन दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश देता है।उन्होंने आगे कहा कि आज देश को ऐसी ही विचारधारा और संकल्प की आवश्यकता है, जो लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और आपसी भाईचारे को मजबूत करे। इन दोनों महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान एवं विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करें। पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन दोनों महान विभूतियों के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा