महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर मणिकर्णिका वूमेन्स क्लब की सराहनीय पहल, बच्चों को बांटी स्टेशनरी

झाँसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर मणिकर्णिका वूमेन्स क्लब ने सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए सिद्धेश्वर रोड स्थित आदर्श पब्लिक इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों को उपहार स्वरूप स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने महारानी के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि झाँसी की पहचान वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के नाम से है। प्रथम स्वाधीनता संग्राम में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन आज भी नारी शक्ति, आत्मसम्मान, साहस और देशभक्ति की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रंगोली के माध्यम से बनाई गई महारानी लक्ष्मीबाई की मनमोहक प्रतिमा रही, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद बच्चों को स्टेशनरी सामग्री के साथ-साथ खानपान की सामग्री का भी वितरण किया गया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट सपना सरावगी, प्रेसिडेंट मोनिका कोचर, वाइस प्रेसिडेंट तमन्ना राय, ट्रेजरर संयुक्ता शर्मा, सेक्रेटरी प्रेरणा हजेला, पास्ट प्रेसिडेंट ओमनी राय एवं नेहा तिवारी सहित अंजलि अग्रवाल, श्रुति बंसल और ज्योत्सना उपस्थित रहीं।उल्लेखनीय है कि मणिकर्णिका वूमेन्स क्लब महिलाओं के उत्थान, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में लगातार धरातल पर कार्य कर रहा है। क्लब की सदस्याएं केवल आयोजनों तक सीमित न रहकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा, सहयोग और जागरूकता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही हैं।क्लब की यह पहल दर्शाती है कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं के विकास तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और समाज के समग्र उत्थान में सक्रिय भागीदारी का भी नाम है। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *