फसल रोगों की पहचान एवं प्रबंधन का प्रशिक्षण देगा कृषि विश्वविद्यालय, 20 नवंबर से शुरू होगा तीन माह का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम

झाँसी। रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के कृषि महाविद्यालय के पादप रोग विभाग द्वारा ‘फसल सुरक्षा और पौध स्वास्थ्य प्रबंधन’ विषय पर तीन माह अवधि का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशान्त जाम्भूलकर ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का शुभारंभ 20 नवंबर 2026 से होगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा इच्छुक अभ्यर्थी आज से ही आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।उन्होंने बताया कि आवेदन फॉर्म एवं पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.rlbcau.ac.in पर उपलब्ध है। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, संपूर्ण पाठ्यक्रम का शुल्क 5,000 रुपये है। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।डॉ. जाम्भूलकर ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को फसलों में होने वाले विभिन्न रोगों की पहचान, उनके प्रभावी प्रबंधन एवं रोकथाम के उपायों की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान जैविक, रासायनिक एवं शस्य विधियों से रोग प्रबंधन, बीज उपचार, भूमि उपचार तथा पौधों को रोगों से सुरक्षित रखने की नवीनतम उन्नत तकनीकों की जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों को फसल रोगों की पहचान के लिए विशेष मार्गदर्शिका भी उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम किसानों, कृषि क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं एवं अन्य इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पौध स्वास्थ्य एवं फसल सुरक्षा से संबंधित ज्ञान और कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए ई-मेल pp.jambhulkar@rlbcau.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *