
झांसी। तहसील गरौठा सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने फसल कटने के बाद चकरोड/सरकारी भूमि एवं निजी भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान चलाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि यदि पैमाइश के बाद पत्थर गड्डी को उखाड़ कर पुनः कब्ज़ा किया जाता है तो होगी एफआईआर दर्ज।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में और गुणवत्ता परक किया जाना सुनिश्चित किया जाए, त्रुटिपूर्ण आख्या लगाकर निस्तारित की गई शिकायत पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निस्तारण शिकायतों का फीडबैक लेने पर अनेक शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक पाया गया।यह स्थिति किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत का गुणवत्तापरक निस्तारण माना जाएगा।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस/जनसुनवाई माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बिंदु है, जिसके तहत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन/आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समय अंतर्गत निस्तारण किए जाने हेतु समय-समय पर निर्देशित किया जाता है,परंतु अधिकारियों द्वारा शिकायत निस्तारण में रुचि न लेने और शिथिल पर्यवेक्षण पर जिले की रैंकिंग पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह शिथिलता स्वीकार योग्य नहीं है, अतः समस्त अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें ताकि आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार लाया जा सके। उन्होंने शासन द्वारा शिकायतों के निस्तारण के फीडबैक की जानकारी देते हुए बताया कि फीडबैक में असंतोषजनक शिकायतें अधिक प्राप्त हुई यह स्वीकारयोग्य नहीं है।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आज तहसील गरौठा में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर भूमि सम्बन्धित/अवैध कब्जों की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि सभी राजस्व कर्मी एवं लेखपाल अपने मूल कार्यो में रुचि लें और अपने क्षेत्र में जाये तथा सेक्टर आदि की स्वयं नाप करें ताकि भूमि विवाद उत्पन्न ही ना हो।उन्होंने समस्त लेखपालों को निर्देश दिए कि गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध कड़ाई से कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आप अपने मूल कार्यों को संवेदनशील होकर करें, उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर भी कार्यवाही की जा सकती है, उन्होंने धारा 24 सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने आज शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को सुनते हुए उन्हें गंभीरता से लिया और मौके पर संयुक्त टीम को रवाना करते हुए निर्देश दिए कि शिकायत सही पाए जाने पर उसका निस्तारण करते हुए सख्त कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने उपस्थित समस्त शिकायतकर्ता सहित ग्रामीणों को बताया कि 10 फरवरी को जनपद में सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जा रहा है।अतः सभी अपनी बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें ताकि उन्हें एल्बेंडाजॉल टैबलेट खिलाई जा सके, उन्होंने बताया कि इस दवा का कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है यह बच्चों के शारीरिक विकास और मानसिक विकास के लिए पूर्णतया उपयोगी है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर सेवाराम उर्फ संत राम पुत्र पंचमलाल निवासी ग्राम बंगरा ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि आरजीसंख्या 699 रकबा 0.4540 मोजा बंगरा तहसील गरौठा जिला-झाॅसी की भूमि की हदवन्दी के बाद पत्थर गडडी कर ली है लेकिन उन पत्थरो को सतेन्द्र, लोकेन्द्र पुत्र वानसिंह निवासीगण वंगरा द्वारा जबरन लाठी/डण्डा के बल पर पत्थर उखाड़कर फेंक दिये है,जिसकी शिकायत पीड़ित ने तहसील दिवस मे दिनाॅक 06-12-25 और 05-01-26 को इसी सम्वन्ध में प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन आज तक उक्त लोगो के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज नही हुई है। इस कारण पीड़ित बहुत ही परेशान है। पीड़ित ने मांग करते हुए बताया कि रिपोर्टदर्ज कराये जाने का आदेश पारित करने की कृपा करें।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार गरौठा सहित थानाध्यक्ष गरौठा को स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पीड़ित रामकिशुन पुत्र सरी नि० गरौठा के शिकायती पत्र देते हुए बताया कि मेरे नाम मौजा गरौठा खास में गाटा सं० 1198 संक्रमणीय भूमिधर दर्ज कागजात है जिसकी हंदवंदी 17/09/2025 को राजस्व टीम द्वारा की गयी उसके उपरान्त दिनांक 21/11/2025 राजस्व व पुलिस टीम के द्वारा पत्थर गड्डी की गयी। परन्तु दंबंग व्यक्ति गुलखाई व उसके लड़के व पत्नी झगड़ालू किस्म के व्यक्ति है। जो मेरी भूमि पर 3/4 वर्षी से कब्जा नही छोड़ रहे है। उन्होंने मांग करते हुए बताया कि पुलिस व राजस्व विभाग की उपस्थिति में मुझे मेरी जमीन दिलवायी जाये व दबंग कब्जाधारियो के विरूद्ध F.I.R दर्ज कर कानूनी कार्यवायी की जाये ।
जिलाधिकारी ने शिकायत की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एसडीएम सहित क्षेत्राधिकारी पुलिस गरोठा को मौके पर जाकर शिकायत का गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस की मौके पर तहसील गरौठा प्रांगण में स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल लगाकर लोगों को संक्रमण से बचने के लिए जागरूक किया। आयोजित कैंप में आंखों की टेस्टिंग तथा चश्मे आदि का नंबर लोगों को उपलब्ध कराया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ती, प्रभावी वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सुधाकर पांडेय, एसडीएम सुनील कुमार सहित तहसीलदार एवं समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

