झाँसी। मंडलायुक्त झाँसी मण्डल कृष्ण कुमार ने सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई, झाँसी स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित वृद्धाश्रम का अपराह्न 2 बजे औचक निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि वृद्धाश्रमों में निवास करने वाले बुजुर्ग समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, उन्हें सम्मान, संवेदनशीलता एवं बेहतर जीवनयापन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वृद्धाश्रम में 54 महिलाएं एवं 50 पुरुष, कुल 104 वृद्धजन पंजीकृत हैं। निरीक्षण के समय 90 व्यक्ति परिसर में उपस्थित पाए गए। मंडलायुक्त ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निवासरत वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मण्डलायुक्त ने मौके पर उपस्थित मैनेजर सुश्री अनुराग चौहान को निर्देशित किया कि सभी कमियों को तीन दिन के भीतर दुरुस्त कराकर अनुपालन सुनिश्चित करें। भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने रसोई का निरीक्षण किया, उन्होंने खाद्यान्न सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय टीम द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। कुछ वृद्धजनों ने नेत्र संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वृद्धाश्रम में निवासरत सभी व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर समुचित उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। मण्डलायुक्त ने उप निदेशक समाज कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम का नियमित रूप से प्रत्येक पखवाड़े निरीक्षण करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित अन्य वृद्धाश्रमों के निरीक्षण के लिए अधिकारियों एवं चिकित्सकीय टीम का गठन कर नियमित जांच कराई जाए। साथ ही जनपद जालौन एवं ललितपुर के जिलाधिकारियों को भी अपने-अपने जनपदों में संचालित वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप निदेशक समाज कल्याण एसएन त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
