एडीजी कानपुर जोन ने कानून व्यवस्था की समीक्षा, त्यौहार पर सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश

झांसी। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर ज़ोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के जनपद झाँसी आगमन पर रिज़र्व पुलिस लाइन, झांसी में गार्द द्वारा सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) देकर उनका स्वागत एवं अभिवादन किया गया।तत्पश्चात पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर की अध्यक्षता में झाँसी रेंज के समस्त जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान जनपदों में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित अभियोगों की समीक्षा, विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। ए0डी0जी0 कानपुर जोन द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने, संवेदनशील प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने, साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।इसके अतिरिक्त थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने, पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु निर्देशित किया गया।आगामी त्योहार धनतेरस एवं दीपावली के दृष्टिगत बाजारों, विशेषकर सर्राफा बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, नियमित पैदल गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों/गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अतिक्रमण हटवाकर आवागमन को सुगम बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। ए0डी0जी0 कानपुर जोन द्वारा सभी अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उक्त समीक्षा गोष्ठी में पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि सहित झाँसी रेंज के समस्त जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अन्य अधिकारीगण व क्षेत्राधिकारियों सहित जनपद झांसी के समस्त थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *