झांसी। शनिवार को लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती(राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर जनपद झाँसी में राष्ट्रीय एकता परेड/मार्च का आयोजन किया गया।परेड को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. अरविन्द कुमार ने पुलिस लाइन झाँसी से हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय एकता परेड को रवाना किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल जी के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अतुलनीय योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी असमा वकार, क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी एलआईयू अनिल कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी रेडियो शाखा एआरओ अखिलेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस मॉडर्न स्कूल, पुलिस लाइन के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
