झांसी। अधिवक्ताओं के साथ थाना में अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता संघ ने कलेक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। इस दौरान उन्होंने जेल अधीक्षक पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए सिटी सर्किल में तैनात तीन थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में अध्यक्ष प्रमोद शिवहरे और महामंत्री छोटेलाल वर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का हुजूम कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने जमकर प्रदर्शन करते हुए थाना सीपरी बाजार, थाना शहर कोतवाली और थाना नवाबाद पर अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने जेल अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेल में मुल्जिम से कानूनी परामर्श करने के दौरान अधिवक्ताओं से अभद्रता की जाती है और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई जाती है। यही नहीं उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर कहा कि जेल में बंदियों से मशक्कत के नाम पर अवैध उगाही की जाती है। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजते हुए चेतावनी दी है अगर उनकी मांगे जल्द से जल्द नहीं मानी गई तो वह लोग बड़ा आंदोलन सोमवार से करेंगे। इस दौरान भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
