
झांसी-शिवपुरी हाईवे पर रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव में भव्या गार्डन के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। सुबह करीब 7 बजे राहगीरों ने इसे देखा और पुलिस को सूचना दी।
शुरुआत में राहगीरों ने इसे किसी जानवर का शव समझा, लेकिन पास जाने पर यह मानव शरीर प्रतीत हुआ। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय थाना पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव किसी पुरुष का लग रहा है और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा सुबह के समय हुआ होगा।
अनुमान है कि शव के ऊपर से सौ से अधिक भारी वाहन गुजर गए, जिससे शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। शव के अवशेष हाईवे पर लगभग 100 मीटर तक बिखरे पड़े थे, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रक्सा, रूपेश कुमार, मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि शव रात के समय का प्रतीत होता है।
फिलहाल, शव का पंचनामा भरकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

