
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में सात मार्च को दिन दहाड़े हुई सतीश श्रीवास की गोली मारकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा कारतूस सहित घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। हत्याकांड का कारण प्रेम प्रसंग के चलते दिया गया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध ओर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात मऊरानीपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बाइक सवार झांसी रानीपुर राजमार्ग पर वरीयबैर की ओर जा रहे है। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। तभी एक बाइक सवार तीन युवक आते दिखाई दिए जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह हवाई फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवारों को दबोच लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम मऊरानीपुर के काशीराम कॉलोनी निवासी महफूज पठान, महराज उठान, नदी पार अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर बताया। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा कारतूस सहित बाइक बरामद कर ली। पूछताछ में तीनों ने बताया कि सात मार्च को उन्होंने दमेंले चौक पर सतीश श्रीवास की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का कारण यह था कि महफूज पठान के परिवार की एक महिला से सतीश श्रीवास का प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते उनकी समाज में काफी बदनामी हो रही थी। इसी के चलते क्षुब्ध होकर उन्होंने सतीश श्रीवास की अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रचकर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

