झांसी। रेलवे विभाग यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार सराहनीय कदम उठा रहा है। इसके अलावा खाद्य सामग्री पर भी लगातार अभियान चलाकर ट्रेनों के पेंट्री कार, स्टेशनों पर स्थित स्टॉल पर बन कर यात्रियों को बेचने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता चेक की जाती है। लेकिन रेलवे प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर अवैध रूप से गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री ट्रेनों में सप्लाई की जा रही है। यह गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री बना कर वीरांगना लक्ष्मी बाई रेलवे स्टेशन से ललितपुर, कानपुर देहात, आदि स्थानों से ट्रेनों के अन्दर अवैध खाना ट्रेन में यात्रियों को सप्लाई होता है, यह अवैध खान पान सामग्री ट्रेनों में सप्लाई करने वाले गिरोह के सदस्य स्टेशन से आउट साइड खड़े होते है, जहां वह स्टेशन आने के पहले ट्रेनों में खिड़कियों के अंदर पर्चे फेंकते है, इन पर्चों में लुभावने विज्ञापन के साथ कम कीमत पर स्पेशल खाना सीट पर उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है। यात्री इन पर्चों के माध्यम से फोन पर संपर्क कर खाना मंगवाते है, जिससे लाखों करोड़ों रुपयों का रेलवे को राजस्व देकर खान पान की स्टॉल संचालित करने वाले व्यापारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ता है। यही नहीं इसको लेकर कई बार ट्रेन में वैध और अवैध वेंडरों में मारपीट तक हो जाती है। सूत्र बताते है कि बुधवार को साबरमती एक्सप्रेस में इसी प्रकार खाना सप्लाई करने और पर्चा फेंकने को लेकर वैध और अवैध वेंडरों में मारपीट की घटना हुई है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
