झांसी। पुलिस लाइन गेट के पास आज दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब प्रेमिका के परिजनों ने दोनों को पकड़ कर मारपीट करते हुए उन्हें एसएसपी कार्यालय के अंदर ले गए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शान्त हुआ। सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों प्रेमी युगल को अपने साथ थाने ले गई। जहां पुलिस कागजी कार्यवाही कर रही है।जानकारी के मुताबिक बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बराथा निवासी युवक का मोहल्ले की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों दोनों ने घर से भाग कर आज शादी रचा ली। शुक्रवार की दोपहर को युवती शादी के जोड़े में अपने प्रेमी पति के साथ जेल चौराहा से इलाईट चौराहे के बीच से गुजर रही थी। तभी एसएसपी कार्यालय के बाहर खड़े युवती के परिजनों की नजर पड़ गई। परिजनों ने दोनों को पकड़ कर मारपीट करते हुए उन्हें एसएसपी कार्यालय के अंदर ले गए। इधर कार्यालय में मौजूद पुलिस ने परिजनों के चंगुल से दोनों युवक युवती को छुड़ा कर दोनों पक्ष की बात सुनी और बड़ागांव थाना पुलिस को सूचना कर दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इधर बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती को भगा ले जाने का मुकदमा थाना में दर्ज है। आज एसएसपी कार्यालय के पास दोनों के पकड़े जाने और मारपीट की सूचना मिलने पर मुकदमा के विवेचक मौके पर पहुंचे थे और दोनों को थाने ले आए। आगे की कार्यवाही युवती के बयान न्यायलय में होने के बाद न्यायालय का जो आदेश होगा वह कार्यवाही आगे की जाएगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा