झांसी। तीन वर्ष पूर्व किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी पर आरोप सिद्ध होने पर आज न्यायालय विशेष न्यायाधीश कक्ष संख्या 3 कनिष्क सिंह की अदालत ने बीस वर्ष की सजा और पचास हजार रुपए अर्थदंड से दंडित करने का फैसला सुनाया। साथ ही सह अभियुक्तों को दो दो साल की सजा और 19 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया।अभियोजन की और से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक चंद्र प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 अप्रैल 2022 को एक महिला ने नवाबाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि गत रात्रि वह अपनी नाबालिग पुत्री के साथ घर में सो रही थी आज सुबह उठ कर देखा तो उसकी पुत्री लापता थी। खोजबीन करने पर जानकारी हुई कि मेडिकल कॉलेज के पीछे पिछोर निवासी दीपक यादव उसकी पुत्री को बंधक बनाए है। जिस पर वह दीपक के घर पहुंची तो दीपक यादव के परिजन भारत सिंह, लखन सिंह, किरन देवी और सोनम ने उसके साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया था। किशोरी का मेडिकल परीक्षण और उसके बयान के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म की धारा की बढ़ोत्तरी कर आरोपियों को जेल भेजते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान आज आरोपी दीपक यादव सहित उसके सह अभियुक्त परिजनों पर दोष सिद्ध हो गया। अभियोजन की और से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक ने अपील करते हुए कहा कि दुष्कर्म की धारा में सजा 7 वर्ष तक की है, लेकिन आरोपी का अपराध गंभीर है, और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया है, जिसमें पोस्को एक्ट की धारा भी लगी है, न्यायालय ने अभियोजन का तर्क सुनने के बाद आरोपी दीपक यादव को बीस साल की सजा और तीस हजार रुपए अर्थदंड, तथा धारा 363 और धारा 366 में दस दस हजार का अर्थदंड कुल मिलाकर पचास हजार रुपए अर्थदंड लगाया। साथ ही इसके सह अभियुक्त भारत सिंह, लखन सिंह, किरन देवी और सोनम पर दोष सिद्ध होने पर सभी को दो दो वर्ष का कारावास धारा 506 में और 19 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा