झांसी। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन में संचालित ‘संविधान संवाद’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद के सेंट कोलंबस स्कूल एवं आर्मी पब्लिक स्कूल, झांसी में विधिक साक्षरता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करना तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनाना रहा। सेंट कोलंबस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में अपर सिविल जज (जू.डि.) श्रीमती प्रेरणा यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। विद्यार्थियों को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल दीपक मणि ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा हेल्पलाइन नंबर 15100 की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक कल्पनाथ सिंह सहित शिक्षकगण देवेंद्र प्रताप, सुश्री अर्चना पाल, जय हिंद यादव, सुश्री कविता मिश्रा, ऋषभ शर्मा, अंकुश यादव, सुश्री गौसिया बानो, विष्णुकांत शर्मा तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक अब्दुल शाहिद एवं प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति गोस्वामी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल, झांसी में आयोजित ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती खुशबू धनखड़ उपस्थित रहीं। उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल अजितेंद्र तिवारी एवं रिसोर्स पर्सन सचिन जैन भी मौजूद रहे।मुख्य अतिथि श्रीमती खुशबू धनखड़ ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कानून एवं नियमों का पालन करने तथा समाज का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल अजितेंद्र तिवारी ने जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। रिसोर्स पर्सन सचिन जैन ने संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुत्व के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक रमजान खान तथा विद्यालय की ओर से कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना शुक्ला, शिक्षकगण सौरभ कुमार, जितेंद्र एवं रोहित कंचन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा