नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की पहचान, युवा संसद में युवाओं ने रखे विचार युवा संसद-2027 में नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

झाँसी। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित मेरा युवा भारत केंद्र झाँसी के तत्वावधान में बुंदेलखंड महाविद्यालय के सभागार में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 के अंतर्गत युवा संसद-2027 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रहा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, युवाओं पर इसके दुष्प्रभाव, सामाजिक चुनौतियों तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बुंदेलखंड महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. राय ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे, तो विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विशिष्ट अतिथि जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवा संसद प्रतियोगिता में उन्नति सिंह ने प्रथम, विकास उपाध्याय ने द्वितीय तथा राहुल जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन ई.एम. एंटरटेनमेंट के सीईओ विवेक गोस्वामी, डॉ. नवेंद्र कुमार सिंह, रामानंद जायसवाल एवं डॉ. संतोष रानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, शिवम कुशवाहा, सोनिया गोस्वामी, साक्षी बत्रा, देवांश तिवारी, मोक्षा अवस्थी, गार्गी जीत, विधि श्रृंगीऋषि, पीयूष कुमार, शिवानी प्रजापति, प्रियांशु रावत एवं रुद्र मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अंकित श्रीवास्तव ने किया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *