झांसी। जीआईसी क्रिकेट ग्राउंड पर खेली जा रही ऑल इंडिया ओपन जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता मीनेश प्रीमियर लीग में 17 नवंबर को चार मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।प्रतियोगिता का पहला मुकाबला शंकर इलेवन दतिया और फौजी इलेवन झांसी के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि चंद्रप्रकाश शर्मा रहे। पहले बल्लेबाजी करते हुए फौजी इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में 77 रन बनाए, जिसमें विजय मनुका ने 33 रनों की उपयोगी पारी खेली। जवाब में शंकर इलेवन दतिया ने 8.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। अजय पाठक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।दूसरे मुकाबले में जावेद टॉप स्टार क्लब ग्वालियर ने भाया इलेवन झांसी को 76 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर की टीम ने 10 ओवर में 125 रन बनाए। टीम की ओर से विवेक गौड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाया इलेवन झांसी की टीम निर्धारित 10 ओवर में केवल 49 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए विवेक गौड़ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।तीसरे मुकाबले में डॉ. कपिल इलेवन झांसी ने एस एसोसिएट झांसी को पांच विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एस एसोसिएट की टीम 71 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में डॉ. कपिल इलेवन ने 6.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। छोटू मढ़ौरा ने 26 रनों का योगदान दिया। राज झांसी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।दिन का चौथा मुकाबला द्वारिकाधीश इलेवन झांसी और डोमरोंन सरकार शिवपुरी के बीच खेला गया। द्वारिकाधीश इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में 91 रन बनाए, जिसमें अंकेश कबूतरा और अभिषेक कुमार ने 20-20 रनों की पारी खेली। जवाब में शिवपुरी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8.1 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मंगल धाकड़ और शिवम राठौर ने 28-28 रन बनाए। मंगल धाकड़ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में अंपायर की भूमिका जीतू मीणा और हंसराज मीणा ने निभाई, जबकि स्कोरर सनम, मैच रेफरी विवेक राज मिश्रा और कमेंटेटर सागर तिवारी रहे। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य आशू यादव, अन्य सदस्य मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आयोजक रामराज ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा