झांसी। न्यायालय विशेष न्यायाधीश पोस्को एक्ट मोहम्मद नेयाज अहमद अंसारी की अदालत ने तीन साल पूर्व मासूम बालिका से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी पर दोष सिद्ध होने पर उसे पांच साल की जेल और दस हजार रुपए अर्थदंड से दंडित करने का फैसला सुनाया है।अभियोजन की और से पैरवी कर रही एडीजीसी प्रीति चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने बरुआ सागर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 26 जून 2023 को उसकी 13 वर्षीय पुत्री बकरी खोजने गई थी, जैसे ही वह हरनारायण के बाड़े के पास पहुंची तभी बाड़े में मौजूद ग्राम तिलैया निवासी शिशुपाल सिंह यादव ने उसकी पुत्री को कहा कि तुम्हारी बकरी बाड़े के अंदर है, जैसी ही उसकी पुत्री बाड़े के अंदर पहुंची तो शिशुपाल ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास करने लगा। पुत्री के चीखने चिल्लाने पर वहां से गुजर रही महिला ने बाड़े में झांक कर देखा तो पुत्री जमीन पर पड़ी, आरोपी महिला को देख भाग गया। पुलिस ने शिशुपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेजकर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान आज आरोपी पर दोष सिद्ध होने पर न्यायालय ने उसे पांच साल की जेल और दस हजार का अर्थदंड से दंडित करने का फैसला सुनाया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा