
झांसी। थाना शहर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत उन्नाव गेट बाहर देर रात कर्मचारी के साथ हो रही मारपीट की घटना की जानकारी मिलने पर उसे बचाने पहुंचे हलवाई को भी दबंगों ने लाठी डंडा से बुरी तरह पीटा, आरोप है कि दबंगों ने लोहे की रोड मारकर हलवाई का सर फोड़ दिया। घायल अवस्था में थाने पहुंचे पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराकर मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक उन्नाव गेट बाहर उन्नाव गेट कॉलोनी निवासी हरीश रायकवार ने बताया कि वह हलवाई का कार्य करता है, उसके साथ कर्मचारी विशाल भी खाना बनाने का कार्य करता है। रविवार की देर रात विशाल देशी शराब की दुकान के पास बनी गली में खड़ा था, तभी वहां पहले से मौजूद दबंग अविनाश कुशवाह अपने साथियों के साथ शराब के नशे में धुत होकर एक किशोर के साथ मारपीट कर रहा था। विशाल ने अविनाश और उसके साथियों को किशोर की मारपीट करने से रोका तो सभी ने मिलकर उसकी मारपीट कर दी। इसकी सूचना विशाल ने हरीश को दी। सूचना पर हरीश अपने साथी शिवम के साथ वहां पहुंचा और मारपीट करने का विरोध किया तो अविनाश और उसके साथियों ने लाठी डंडा व लोहे की रोड से हरीश और उसके साथी शिवम पर भी हमला कर दिया। जिससे हरीश का सर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायल अवस्था में हरीश अपने साथी शिवम के साथ थाना कोतवाली पहुंचा जहां पुलिस ने घायलों का मेडिकल।परीक्षण कराकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
