झांसी। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आज संभागीय परिवहन कार्यालय, झांसी में एक दिवसीय परिवहन मेला का भव्य आयोजन किया गया। परिवहन मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), झांसी संजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मेला का मुख्य उद्देश्य आमजन को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाएं एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त संजय सिंह ने कहा कि जनहित एवं राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए परिवहन मेले का आयोजन किया गया है, ताकि आमजन को परिवहन विभाग से संबंधित कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। परिवहन मेला में झांसी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे। आगंतुकों ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के फिटनेस, टैक्स जमा करने, वाहन पंजीकरण सहित परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न डिजिटल एवं आधिकारिक सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद त्रिवेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार तथा संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) राघव कुमार कुशवाहा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण करते हुए आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही उनके निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित कराई। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ झांसी बस यूनियन तथा झांसी ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारीगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यूनियन पदाधिकारियों ने परिवहन विभाग की इस जनोपयोगी पहल की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए उपयोगी बताया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
