झांसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झांसी महानगर के विभिन्न नगरों में विजयादशमी उत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीनदयाल नगर की विवेकानंद शाखा, छावनी नगर और शिवाजी नगर में आयोजित कार्यक्रमों में संघ पदाधिकारियों ने विजयादशमी के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के साथ पंच परिवर्तन, सामाजिक समरसता और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। छावनी नगर में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकालकर अनुशासन और एकता का संदेश दिया।
दीनदयाल नगर स्थित विवेकानंद शाखा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आरके चतुर्वेदी ने की। मुख्य वक्ता कानपुर प्रांत के प्रांत कार्यवाह रामकेश ने कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है।
उन्होंने भगवान श्रीराम और रावण का उदाहरण देते हुए कहा कि रावण अत्यंत विद्वान और ज्ञानी था, लेकिन विद्वता के बावजूद उसने अधर्म, अहंकार और अन्याय का मार्ग चुना। इसी कारण उसका अंत हुआ। इसके विपरीत श्रीराम ने समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों को साथ लेकर धर्म, सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलते हुए विजय प्राप्त की। यह प्रसंग समाज को संगठित होकर सत्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
रामकेश ने संघ के पंच परिवर्तन और छह गतिविधियों की जानकारी देते हुए सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से शुरुआत करनी होगी। संगठित, संस्कारित और जागरूक समाज ही राष्ट्र की उन्नति में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में महानगर सह संघचालक जय सिंह सेंगर, महानगर संपर्क प्रमुख दिनेश पाठक, महानगर सायं प्रचारक मयंक, विद्यार्थी कार्य प्रमुख यश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।
वही छावनी नगर में पथ संचलन निकाला
छावनी नगर में आयोजित विजयादशमी उत्सव में क्षेत्र सह कार्यवाह अनिल श्रीवास्तव मुख्य वक्ता रहे। महानगर संघचालक सतीश शरण अग्रवाल, नगर संघचालक नवीन, नगर कार्यवाह प्रदीप और नगर प्रचार प्रमुख विवेक सहित अनेक दायित्वधारी उपस्थित रहे। इसके बाद स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला।
वही शिवाजी नगर में भी मनाया गया स्थापना दिवस
शिवाजी नगर में भी विजय दशमी महोत्सव को संघ के स्थापना दिवस के रूप में मनाया गया। यहां विभाग प्रचारक मनोज और प्रांत कार्यवाह रामकेश की प्रमुख रूप से उपस्थिति रही। यहां भी स्वयंसेवकों को संगठन, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
छत्रसाल नगर में शस्त्र पूजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झाँसी महानगर के छत्रसाल नगर अंतर्गत नारायणी बस्ती में विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विभाग कार्यवाह धर्मेंद्र ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त एवं संगठित राष्ट्र के निर्माण के लिए समाज में पंच परिवर्तन की आवश्यकता है। इस अवसर पर विधिवत शस्त्र पूजन किया गया कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर संघचालक आशुतोष,नगर कार्यवाह विनय प्रताप सिंह,, आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
