Home Uncategorized स्पा सेंटर की आड में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर कार्यवाही की...

स्पा सेंटर की आड में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर कार्यवाही की मांग

67
0

झांसी। आसरा एनजीओ ने जिला प्रशासन को दिए ज्ञापन में बताया कि वर्तमान समय में जनपद झाँसी के विभिन्न शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं रिहायशी मोहल्लों में बड़ी संख्या में स्पा एवं मसाज सेंटर संचालित हो रहे हैं। इन सेंटरों की आड़ में अनैतिक देह व्यापार, अश्लीलता फैलाने तथा युवाओं को गुमराह करने जैसी गतिविधियों के संचालित होने की शिकायतें लगातार आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

इन तथाकथित स्पा सेंटरों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइटों एवं मोबाइल एप्लीकेशनों पर अश्लील एवं भ्रामक विज्ञापन प्रसारित किए जाते हैं। आकर्षक ऑफर, फर्जी पैकेज एवं महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरों का उपयोग कर युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया जाता है। इसके माध्यम से विशेष रूप से छात्र एवं युवा वर्ग मानसिक एवं सामाजिक रूप से प्रभावित हो रहा है तथा उन्हें गलत गतिविधियों की ओर धकेला जा रहा है।

जनपद में संचालित कई स्पा सेंटरों में बाहरी राज्यों एवं अन्य जिलों से लाई गई युवतियों को कार्य पर रखा गया है। शिकायतें हैं कि मसाज सेवा के नाम पर इनसे अनैतिक कार्य कराए जाते हैं, जो पूर्ण रूप से कानून एवं सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कई स्थानों पर देर रात तक संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की बातें भी सामने आती रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है कि इन सेंटरों के विरुद्ध समय-समय पर स्थानीय पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों द्वारा समाचार प्रकाशित एवं प्रसारित किए जाने के बावजूद अभी तक कोई व्यापक एवं प्रभावी अभियान चलाकर कार्यवाही नहीं की गई। आम नागरिकों में यह धारणा बनती जा रही है कि संबंधित संचालकों को कुछ स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण इनके विरुद्ध शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती।

इसके अतिरिक्त यह भी आरोप सामने आते रहे हैं कि कुछ स्पा सेंटरों में आने वाले युवाओं एवं ग्राहकों को महिलाओं के माध्यम से फंसाकर ब्लैकमेल किया जाता है तथा कई मामलों में झूठे छेड़खानी, शोषण अथवा अन्य आरोप लगाकर अवैध वसूली करने की घटनाएं भी होती हैं। ऐसी गतिविधियां न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही हैं बल्कि जनपद की सामाजिक एवं सांस्कृतिक छवि को भी धूमिल कर रही हैं।

झाँसी जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले शहर में इस प्रकार की गतिविधियों का बढ़ना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि समय रहते इन पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में अपराध, ब्लैकमेलिंग, मानव तस्करी एवं अन्य सामाजिक अपराधों में वृद्धि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

आसरा एनजीओ ने जिला प्रशासन को दिए ज्ञापन में बताया कि जनहित एवं सामाजिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए निम्न बिंदुओं पर जनपद में संचालित सभी स्पा एवं मसाज सेंटरों की विशेष जांच कराई जाए।

बिना लाइसेंस अथवा नियमों के विपरीत संचालित सेंटरों को तत्काल बंद कराया जाए।

संदिग्ध स्पा सेंटरों पर पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी अभियान चलाया जाए।

सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अश्लील विज्ञापन प्रसारित करने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाए।

.बाहरी राज्यों से लाई गई महिलाओं एवं युवतियों के सत्यापन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

ऐसे अवैध कारोबार को संरक्षण देने वाले संबंधित अधिकारियों अथवा कर्मचारियों की भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

जनपद के युवाओं एवं छात्र वर्ग को इस प्रकार की गतिविधियों से बचाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए।

आसरा एनजीओ ने मांग करते हुए कहा कि प्रशासन इस गंभीर विषय को प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यक एवं कठोर कदम उठाएगा, जिससे जनपद में सामाजिक वातावरण सुरक्षित एवं स्वस्थ बना रह सके। पूजा शर्मा (अध्यक्ष )आसरा सोसाइटी एनजीओ कीर्ति वर्मा , अपर्णा कुशवाहा,निशांत वर्मा, बंटी शर्मा , आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here