
झांसी। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) झाँसी शिवप्रताप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक नगर झाँसी श्रीमती प्रीती सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में बीएचईएल, पीताम्बरा बुक प्राइवेट लिमिटेड (बिजौली), आरएसपीएल (बिजौली), खेतान केमिकल एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपातकालीन तैयारियों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।
अधिकारियों द्वारा संस्थानों में कार्यरत प्रबंधन एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा उन्हें आश्वस्त किया गया कि जनपद प्रशासन एवं पुलिस उनकी सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। साथ ही निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी चूक अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करें, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
जनपद में औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा, सुचारु संचालन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु प्रशासन द्वारा निरंतर सतर्कता एवं निगरानी बरती जा रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

