
झांसी। झांसी मऊरानीपुर हाइवे पर स्थित जंगल में गोकशी का कार्य होने तथा मौके से गाय के अवशेष मिलने पर एसएसपी से वार्ता कर हिन्दू संगठन ने उचित कार्यवाही की मांग की है। बुधवार को दुर्गा उत्सव महासमिति के तत्वावधान में विनोद अवस्थी के नेतृत्व में दर्जनों लोग एसएसपी से मिले। उन्होंने एसएसपी को ज्ञापन देते हुए बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र भगवंत पुरा के पास जंगलों में बड़े बड़े तीन चार गोदाम बने है। जहां पर उन्होंने पुलिस के अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर गत दिनों देखा था कि वहां गाय के अवशेष सहित जानवरों की हड्डियां पड़ी थी। साथ ही वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है। उनका आरोप है कि वहां अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से गोकशी की जा रही है। जिसमें दो गोदाम मालिकों के पास जानवरों को उठाने की कोई अनुमति नहीं है। उनका आरोप है कि यह लोग गोकशी कर रहे है। उन्होंने एसएसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा





