झांसी। तीन वर्ष पूर्व कानपुर के बिकरु गांव में 2 जुलाई 2020 की रात हुए गोलीकांड को शायद ही कोई भूल पाए, गैंगस्टर विकास दुबे को अरेस्ट करने गई पुलिस टीम पर गोलियों की जोरदार बौछार हुई थी, जिसमे आधा दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसी प्रकार की घटना की एक बार जनपद झांसी में पुनरावृति हो जाती अगर पुलिस पूरी तरह सचेत न होती। झांसी पुलिस ने पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों को तत्परता से कार्यवाही करते हुए दोनो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इसमें पकड़ा गया एक आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है।जानकारी के मुताबिक नवाबाद थाना क्षेत्र के बजरंग कॉलोनी निवासी योगेंद्र और सुरेंद्र दोनो भाई है। योगेंद्र महोबा में सिपाही के पद पर तैनात है। देर रात डायल 112 को सूचना मिली कि बजरंग कॉलोनी में दो भाई योगेंद्र और सुरेंद्र में संपत्ति को लेकर विवाद हो रहा है। इस सूचना पर पीआरवी 0364 मौके पर पहुंची। पुलिस को देख दोनो भाई आग बबूला हो गए और पुलिस टीम पर लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी। किसी प्रकार पी आर वी की टीम ने जान बचाई और पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर जब तक पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचते तब तक आरोपियों ने पुलिस की पीआरवी गाड़ी में आग लगा दी। घटना की सूचना पर एसएसपी सहित कई थानों का पुलिस फोर्स और स्वाट टीम मौके पर पहुंच गई और एक आरोपी सिपाही को योगेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वही उसका दूसरा भाई सुरेंद्र भाग निकला। जिसका पुलिस टीम ने पीछा करना शुरू कर दिया। मेडिकल कॉलेज के पीछे बने जंगलों ने सुरेंद्र ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग करते हुए आरोपी सुरेंद्र को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र के एक पैर में गोली लगी है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनो भाईयो के विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन दोनो भाईयो ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए गाड़ी जलाकर सरकारी संपत्ति का नुकसान किया है। जो जघन्य अपराध है, उन्होंने बताया एक आरोपी पुलिस में सिपाही है, उसकी जहां पोस्टिंग है वहां उस संबंधित के जिले के पुलिस कप्तान को घटना से अवगत कराया जायेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि जिस रायफल से पुलिस पर फायरिंग की वह रायफल ललितपुर जिले की है। उन्होंने कहा कि जघन्य अपराध है, आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अभियोग पंजीकृत कर कार्यवाही कर रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा






