झांसी। आज जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के सकुशल शांतिपूर्ण और निष्पक्ष सम्पादन हेतु थाना प्रभारी,एस0एस0टी.0एवं एफ0एस0टी0 टीम के साथ कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक की, प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिज्ञासाओं का निस्तारण कर लें ताकि निर्वाचन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक में प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिये कि ₹ 50 हजार से अधिक धनराशि, जिसका स्रोत सम्बन्धी दस्तावेज न हो अथवा ऐसी कोई भी अवैध वस्तु जो निर्वाचन को प्रभावित कर सकती है, प्राप्त होने पर यदि सम्बन्धित व्यक्ति के पास अभिलेख न हो तो उसे तत्काल जब्त कर उसे समिति के पास भेजा जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान ₹10 लाख से अधिक की धनराशि पकड़ी जाती है तो तत्काल आयकर विभाग को सूचित किया जाए ताकि आयकर विभाग उक्त धनराशि को सीज कर सके। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए की चेकिंग के दौरान आमजन मानस का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी द्वारा एफ0एस0टी0 टीम को निर्देश दिये गये कि निर्वाचन क्षेत्रों में राष्ट्रीय/राज्जीय दलों द्वारा जनसभा की जायेगी। अतः किसी भी दल को जनसभा की अनुमति की सूचना प्राप्त होने पर वी0एस0टी0 टीम द्वारा जनसभा स्थल पर पहुंचकर उसकी भली प्रकार से वीडियोग्राफी की जाए। उन्होंने एस0एस0टी0 टीम को निर्देश दिये कि वाहनों की चेकिंग करते वक्त वाहन के रुकने से लेकर चेकिंग एवं वाहन के प्रस्थान तक उसकी वीडियोग्राफी की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे)/नोडल अधिकारी, एम0सी0एम0सी0 को निर्देश दिये गये कि उनके अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा एस0एस0टी0/एफ0एस0टी0 टीम के सदस्यों से वार्ता कर उनकी उपस्थिति की जांच की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि एफ0एस0टी0/एस0एस0टी0 टीम की समस्याओं के समाधान हेतु किसी कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए जो कि समस्या को नोट करें तथा अपर जिलाधिकारी(नमामि गंगे) समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी द्वारा थाना प्रभारी को निर्देश दिये कि किसी स्थान/घर में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से सम्बन्धित कोई भी सूचना प्राप्त होती है, तो महिला पुलिस को साथ अवश्य लेकर जाएं। सम्बन्धित स्थान/घर पर जाने से पूर्व क्षेत्र के चौकीदार को सूचित कर दिया जाए तथा सम्बन्धित स्थान/घर की चेकिंग से पूर्व वीडियो कैमरा अवश्य चालू कर लिया जाए। किसी भी प्रकार की अवैध वस्तु मिलने पर गृहस्वामी अथवा सम्बन्धित व्यक्ति के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस, एडीएम(नमामि गंगे) अशोक कुमार सिंह, एसडीएम मोंठ मनोज सरोज, सीओ सदर, सहित एस.एस.टी. एवं एफ.एस.टी. टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा





