झांसी। आज जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा विकास खण्ड बड़गांव की ग्राम पंचायत भूपनगर में क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कृषक श्री मधुसूदन के खेत पर धान की क्रॉप कटिंग कराई गई तथा प्राप्त उपज की माप कराई गई। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों एवं उपस्थित कृषकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। ग्रामवासियों द्वारा विद्युत संबंधी समस्या से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड (ग्रामीण) से वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्रामवासियों द्वारा जिला पंचायत द्वारा निर्मित सड़क की गुणवत्ता के संबंध में शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने उक्त सड़क निर्माण कार्य की जांच निर्माण खण्ड-3, लोक निर्माण विभाग, झाँसी से कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फसल क्षति के संबंध में भी ग्रामवासियों से जानकारी प्राप्त की। ग्रामवासियों द्वारा पूर्व में तैनात लेखपाल द्वारा फसल क्षति का सही ढंग से सर्वेक्षण न किए जाने की शिकायत पर उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। क्रॉप कटिंग के दौरान उपस्थित कृषकों द्वारा चिरगांव मंडी में धान खरीद के दौरान आ रही समस्याओं से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडी सचिव, चिरगांव से स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित बीमा कंपनी इफको टोकियो के सीनियर एग्जीक्यूटिव श्री अविनाश शर्मा से बीमित कृषकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उपस्थित किसानों को से अनुरोध किया कि खेत में किसी भी दशा में आग न लगाएं।आग लगाने से खेत के पोषण तत्वों को नुकसान होता ही है जिससे पैदावार घटती है इसके अतिरिक्त पर्यावरण भी दूषित होता है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा