जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सदस्यों ने किया वृक्षारोपण ‘‘कौमी एकता सप्ताह का समापन कार्यक्रम’’ विकास भवन सभागार में संपन्न

झांसी। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम के मुख्य आतिथ्य में जिला एकीकरण समिति के तत्वाधान में ‘‘कौमी एकता सप्ताह’’ का समापन कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि जिला एकीकरण समिति एक महत्वपूर्ण संस्था है। जिला एकीकरण समिति के तत्वाधान में कौमी एकता सप्ताह के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि झांसी में सभी नागरिक प्रेम एवं सौहार्द के साथ निवास करते हैं। जनपद झांसी स्वयं में एक शांतिप्रिय जनपद है। उन्होने कहा कि झांसी वासियों द्वारा कौमी एकता की दिशा में इसी प्रकार सदैव आपस में समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार का पालन करना चाहिए। मौके पर जिला एकीकरण समिति के अन्य सदस्यों द्वारा भी कौमी एकता पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए गए। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार (19 नवम्बर से 25 नवम्बर 2026 तक) जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों, विभागों, तहसीलों एवं विकासखण्डों में ‘‘कौमी एकता सप्ताह’’ मनाया गया, इसके अन्तर्गत सप्ताह के प्रत्येक दिवस जनपद में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के उपरान्त जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सदस्यों ने विकास भवन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार द्वारा स्वागत स्वरूप मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। कौमी एकता सप्ताह के समापन अवसर पर सप्ताह के प्रतिदिन आयोजित किये गये कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराते हुये वरिष्ठ समाज सेविका/शिक्षाविद डॉ0 नीतिशास्त्री ने सफल संचालन किया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *